DniNews.Live

गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल किल्लत से बढ़ी साइकिल की मांग:कई गुना बढ़ी बिक्री, खर्च में भी हो रही लोगों की बचत

गोरखपुर में पेट्रोल और डीजल की कमी के बीच साइकिल की डिमांड बढ़ती हुई देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों में ही बड़ी संख्या में लोग साइकिल खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइन और अनिश्चितता से परेशान लोग अब रोजमर्रा के काम के लिए साइकिल को सबसे आसान और भरोसेमंद विकल्प मान रहे हैं। शहर की साइकिल दुकानों पर इन दिनों लगातार भीड़ बनी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री कई गुना बढ़ गई है। रेती बाजार के साइकिल दुकानदार अर्पित केशरवानी ने बताया, “पहले जहां दिनभर में 2-3 साइकिल बिकती थीं, अब 8-10 से ज्यादा बिक रही हैं। कई ग्राहक बिना ज्यादा सोच-विचार के सीधे साइकिल खरीद रहे हैं, क्योंकि उन्हें तुरंत विकल्प चाहिए।” हर वर्ग के लोग खरीद रहे साइकिल साइकिल खरीदने वालों में छात्र, नौकरीपेशा, छोटे व्यापारी और बुजुर्ग सभी शामिल हैं। कई परिवार एक से ज्यादा साइकिल खरीद रहे हैं ताकि घर के अलग-अलग सदस्य अपने काम बिना पेट्रोल के कर सकें। खासकर शहर के अंदर चलने वाले लोग इसे सबसे सुविधाजनक मान रहे हैं। साइकिल खरीदने आए एक ग्राहक इरशाद ने कहा कि पेट्रोल के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है, फिर भी भरोसा नहीं होता कि मिलेगा या नहीं। साइकिल लेने से यह परेशानी खत्म हो गई है। वहीं दूसरे ग्राहक अंबर सिंह ने बताया कि हमने सोचा कि पास के काम के लिए साइकिल ही सही है। इससे रोज का खर्च भी बचेगा और समय भी। ई-साइकिल की मांग भी तेजी से बढ़ी साधारण साइकिल के साथ-साथ ई-साइकिल की मांग में भी तेजी आई है। दुकानदारों के अनुसार कई लोग ऐसी साइकिल ले रहे हैं जिससे कम मेहनत में ज्यादा दूरी तय की जा सके। ई-साइकिल उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प बन रही है, जिन्हें रोज थोड़ा ज्यादा चलना पड़ता है। लोगों का कहना है कि साइकिल अपनाने से पेट्रोल का खर्च पूरी तरह बच रहा है। साथ ही, नियमित साइकिल चलाने से शरीर भी फिट रहता है। कई लोग अब इसे सिर्फ मजबूरी नहीं, बल्कि आदत बनाने की बात कह रहे हैं। ई-स्कूटी की मांग में जबरदस्त उछाल
पिछले दो दिनों के भीतर ई-स्कूटी खरीदने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। दुकानदारों का कहना है कि कई लोग सीधे ई-स्कूटी लेने पहुंच रहे हैं, ताकि पेट्रोल पर निर्भरता खत्म हो सके। खासकर वे लोग जो रोज ज्यादा दूरी तय करते हैं, उनके लिए ई-स्कूटी आसान और सस्ता विकल्प बन रही है। ई-स्कूटी लेने आए ग्राहक मनोहर ने बताया की पेट्रोल के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। इसलिए मैंने ई-स्कूटी लेना ही बेहतर समझा। अब रोज के काम आसानी से हो जाएंगे, खर्च भी कम होगा और बार-बार पेट्रोल पंप जाने की परेशानी भी खत्म होगी। आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है मांग
दुकानदारों का मानना है कि अगर पेट्रोल-डीजल की स्थिति ऐसे ही बनी रही, तो साइकिल की मांग और तेजी से बढ़ेगी। फिलहाल शहर में साइकिल एक बार फिर लोगों की जरूरत बनती नजर आ रही है और इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *