गोरखपुर में सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ गर्मी ने अब साफ तौर पर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आसमान पूरी तरह साफ रहने के कारण धूप सीधे जमीन पर पड़ रही है, जिससे सुबह के समय ही तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे गर्मी और तेज होती जा रही है और लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल लग रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिनभर 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। हालांकि हवा चलने के बावजूद धूप की तीव्रता कम नहीं होगी और दोपहर में हल्की गर्म हवाएं भी महसूस हो सकती हैं। दोपहर में बढ़ रही तपिश सुबह और शाम के समय तापमान अपेक्षाकृत थोड़ा कम रहने से लोगों को हल्की राहत मिल रही है, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तपिश बढ़ जा रही है। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही भी कुछ कम नजर आने लगी है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह साफ बना रहेगा। उन्होंने बताया कि तेज धूप लगातार निकलती रहेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ेगा। आने वाले दिनों का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं रात के समय तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिलती रहेगी। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं, जिससे गर्मी लगातार बनी रह सकती है। तेज धूप और बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है। दोपहर के समय लोग घरों में रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं और जरूरी काम सुबह या शाम के समय ही निपटा रहे हैं।

Leave a Reply