DniNews.Live

गोरखपुर में टीबी मुक्त अभियान को मिला जोर:विश्व क्षय रोग दिवस पर हुआ कार्यक्रम, 21 लोगों को किया गया सम्मानित

गोरखपुर में मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित प्रेरणा श्री सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर हुआ। इसका उद्देश्य टीबी मुक्त अभियान को और मजबूत करना और लोगों को इसके प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान, टीबी चैंपियन और स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ने जिले की 293 टीबी मुक्त और 99 सिल्वर ग्राम पंचायतों की उपलब्धि की जानकारी दी। इनमें से चयनित 10 ग्राम प्रधानों, टीबी चैंपियन और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने टीबी उन्मूलन में सभी के सहयोग को सराहा।

रेड क्रॉस की ओर से मरीजों को पोषण पोटली वितरित
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से टीबी मरीजों को पोषण पोटली दी गई। विधायक ने अपने हाथों से मरीजों को यह सामग्री देकर उनके बेहतर स्वास्थ्य और जल्द ठीक होने की कामना की। इस पहल से मरीजों को इलाज के साथ पोषण भी मिल सकेगा। इस मौके पर खोराबार ब्लॉक प्रमुख, रेड क्रॉस सोसायटी के सभापति शिवेंद्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ चेस्ट विशेषज्ञ डॉ बीएन अग्रवाल, एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, ब्लॉक स्तर के कर्मचारी, निजी और सरकारी चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 21 लोगों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समय पर इलाज से टीबी पूरी तरह होती है ठीक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने कहा कि टीबी का सही समय पर पता लगना और नियमित दवा लेना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है, इसलिए मरीजों को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि इलाज में लापरवाही नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में कई मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और अब अन्य मरीजों की मदद कर रहे हैं। ऐसे लोगों को टीबी चैंपियन के रूप में सम्मानित किया जा रहा है, जिससे अन्य मरीजों को भी प्रेरणा मिलती है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *