गोरखपुर में चाइनीज मांझे से कटा युवक का गर्दन:शिकायत करने पर दोनों पक्ष में चले लात घूसे, CCTV में कैद हुई घटना
![]()
गोरखपुर में चाइनीज मांझे से कटा युवक का गर्दन:शिकायत करने पर दोनों पक्ष में चले लात घूसे, CCTV में कैद हुई घटना
गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में चाइनीज मांझे से एक युवक घायल हो गया। युवक अपने घर की छत पर टहल रहा था। उसी दौरान बगल के घर के कुछ युवक पतंग उड़ा रहे थे। तभी पतंग का मांझा वामिक की गर्दन में फंस गया। मांझा खींचने से वह घायल हो गया। इसकी शिकायत वामिक के पिता मिराज अहमद ने पतंग उड़ाने वाले युवक के घर जाकर की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई। यह मामला तिवारीपुर के भरपुरवा मोहल्ले का बताया जा रहा है। जानिए विस्तार से पूरा मामला…. जानकारी के अनुसार, भरपुरवा निवासी मिराज अहमद का बेटा वामिक शनिवार को अपने घर की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले इमामुद्दीन के बेटे और उनके कुछ साथी चाइनीज मांझे से पतंग उड़ा रहे थे। मिराज अहमद ने आरोप लगाया कि उड़ती पतंग का मांझा अचानक वामिक की गर्दन में फंस गया। जिससे वह घायल हो गया। चाइनीज मांझा पहले से ही खतरनाक माना जाता है और कई बार ऐसे हादसे सामने आ चुके हैं। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने इस बात की शिकायत पड़ोसियों से की, तो बात बढ़ गई और विवाद हो गया। मिराज अहमद का आरोप है कि इसके बाद इमामुद्दीन, उनकी पत्नी गुलशन, बेटे और अन्य लोग हॉकी-डंडा लेकर उनके घर पहुंच गए और घर में घुसकर मारपीट की। इस हमले में वामिक को गंभीर चोटें आईं। आनन फानन में घरवालों ने युवक को बेड पर लेटा दिया। कुछ ही देर में फर्श पर युवक के खून से लाल हो गया। जिसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। CCTV में कैद हुई घटना परिवार का दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार डर के माहौल में है। दूसरे पक्ष ने भी की शिकायत वहीं, दूसरी तरफ से भी मामला सामने आया है। गुलशन की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसमें मिराज अहमद और उनके परिवार पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। यानी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगा रहे हैं। जांच में जुटी पुलिस पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह का कहना है कि साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के साथ ही तिवारीपुर इलाके में एक बार फिर चाइनीज मांझे के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की जांच में अभी तक यहां से कोई मांझा बरामद नहीं हुआ है, लेकिन इस तरह की घटनाएं लगातार लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
