गोरखपुर नगर निगम में रविवार को नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने नगर निगम के पुराने कार्यालय भवन में बन रहे म्यूजियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, समन्वय अधिकारी एन.डी. पांडेय, कार्यालय अधीक्षक पवन मिश्रा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय नगर आयुक्त ने म्यूजियम के निर्माण कार्य की प्रगति को देखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम तेजी से पूरा किया जाए, ताकि म्यूजियम का उद्घाटन जल्द किया जा सके। इसके लिए सभी जरूरी काम समय पर पूरा करने को कहा गया।
इसके अलावा नगर आयुक्त ने पुराने कार्यालय भवन में रखी पुरानी और बेकार पड़ी सामग्रियों के निस्तारण के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोहे की अलमारियां, कुर्सियां, मेज और अन्य सामान को छांटने के लिए एक समिति बनाई जाए। जो सामान उपयोग के लायक है उसे नगर निगम के स्टोर में सुरक्षित रखवा दिया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके। जो सामान पूरी तरह खराब हो चुका है, उसे बिडिंग के माध्यम से नीलाम कराने के निर्देश भी दिए गए। इससे पुराने सामान का सही तरीके से निस्तारण हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि पुराने भवन में चल रहे विधि विभाग और मुख्य नगर लेखा परीक्षक के कार्यालय को जल्द से जल्द नगर निगम के नए कार्यालय भवन में शिफ्ट किया जाए, ताकि पुराने भवन में म्यूजियम का काम बिना किसी परेशानी के पूरा किया जा सके।

Leave a Reply