खगड़िया जिले के गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल का सीएस रमेंद्र कुमार ने शनिवार शाम औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को बंध्याकरण कराने वाले मरीजों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही ठंड के मौसम को देखते हुए सभी भर्ती मरीजों को कंबल उपलब्ध कराने को कहा। सीएस ने अस्पताल में भर्ती प्रसव महिलाओं से बातचीत कर अस्पताल की समस्याओं को जाना। उन्होंने प्रसव कराने के नाम पर अवैध राशि वसूलने वाली एएनएम के बारे में जानकारी ली। सीएस ने चेतावनी दी कि यदि प्रसव में अवैध वसूली की शिकायत मिली तो संबंधित स्वास्थ्यकर्मी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को गर्भवती महिलाओं की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीएस ने मरीजों के गंदे बिस्तर और शौचालयों में साफ-सफाई की कमी देखकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, ओटी कक्ष, प्रसव कक्ष और प्रसूता कक्ष का निरीक्षण किया। प्रसूता कक्ष में मरीजों के बिस्तरों पर गंदी चादरें देखकर उन्हें तुरंत साफ करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने मरीजों से भोजन मिलने के बारे में भी जानकारी ली। इस कुव्यवस्था को देखकर सीएस ने अस्पताल प्रशासन को नसीहत दी और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शोभा कुमारी से अस्पताल की समस्याओं के बारे में पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान सीएस को बताया गया कि अस्पताल में ड्रेसर की पोस्टिंग न होने से दुर्घटनाग्रस्त मरीजों के इलाज में परेशानी होती है। उन्हें स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से भी अवगत कराया गया। सीएस के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल के कर्मियों में हड़कंप मच गया।
https://ift.tt/mDEs1Tg
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply