![]()
गोंडा में सपाइयों ने फाड़े अखिलेश के विवादित पोस्टर:यूथ अगेंस्ट माफिया ने लगवाए होर्डिंग्स, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
गोंडा जिले में पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए विवादित पोस्टरों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष अरशद खान के निर्देश पर जिले के विभिन्न स्थानों से इन पोस्टरों को फाड़ करके हटा दिया है। गोंडा पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाने वाले मार्ग पर लगे विवादित पोस्टर को सपा अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष अफजल खान, लोहिया वाहिनी जिला अध्यक्ष लाल चंद्र गौतम, सपा कार्यालय प्रभारी बृजेश यादव, छात्र सभा जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह और युवजन सभा के नगर अध्यक्ष रवि यादव की अगुवाई में फाड़ा गया है। कार्यकर्ताओं ने लोहे के फ्रेम में लगे पोस्टरों को फाड़कर जमीन पर गिरा दिया और फिर पैरों से भी फाड़ते हुए दिखे। ये विवादित पोस्टर एसपी ऑफिस के पास अंबेडकर चौराहे और सर्कुलर रोड पर हटाए गए। हालांकि, करनैलगंज और परसपुर सहित कई अन्य स्थानों पर ये पोस्टर अभी भी लगे हुए हैं। ये विवादित पोस्टर देर रात ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नामक संगठन द्वारा लगाए गए थे। इस संगठन के गोंडा प्रभारी सक्षम सिंह हैं। सपा लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष लालचंद्र गौतम ने आरोप लगाया कि पीडीए के महानायक अखिलेश यादव का यह विवादित पोस्टर भाजपा द्वारा लगाया गया था। उन्होंने बताया कि पोस्टर में अखिलेश यादव की तुलना ‘धुरंधर’ फिल्म के खलनायक रहमान डकैत से की गई है। अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष अफजल खान ने कहा कि पोस्टर में अखिलेश यादव के चेहरे को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके रहमान डकैत का रूप दिया गया है। उन्होंने इसे एक पूर्व मुख्यमंत्री और संवैधानिक पद पर रहे व्यक्ति के खिलाफ बेहद गलत कृत्य बताया। युवजन सभा के नगर अध्यक्ष रवि यादव ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply