गोंडा जिले के राजकीय रेशम फार्म करनपुर में आज सोमवार को मुख्यमंत्री रेशम योजना के तहत एकदिवसीय जनपद स्तरीय रेशम मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। जहां रेशम विकास विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में जिले के विभिन्न विकास खंडों से 500 से अधिक कृषकों ने भाग लिया है। कार्यक्रम का शुभारंभ करनैलगंज विधायक अजय सिंह के प्रतिनिधि सूरज सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। मेले में केंद्रीय रेशम बोर्ड के वैज्ञानिक राम लखन राम ने किसानों को रेशम कीट पालन की तकनीकी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर प्रगतिशील रेशम उत्पादक गुड़िया और किस्मत को नगर पंचायत अध्यक्ष वासुदेव सिंह द्वारा शाल देकर सम्मानित किया गया। जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा और सेवानिवृत्त सहायक निदेशक रेशम आर.एल. मौर्य ने भी किसानों को संबोधित करते हुए योजनाओं का लाभ उठाकर स्वावलंबी बनने की अपील की। मेले में स्वयं सहायता समूह, रेशम विभाग, उद्यान विभाग और कृषि विभाग द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक रेशम नितेश सिंह ने किया, जबकि अंत में गोंडा के सहायक निदेशक रेशम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। किसानों को बताया गया कि रेशम उत्पादन अपनाने पर उन्हें जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। सहायक रेशम विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव और प्रतिभा यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply