गोंडा में बंदरों को बचाते समय पलटी डबल डेकर बस:12 यात्री घायल, मसकनवा से दिल्ली जा रही थी; अचानक सामने आया बंदरों का झुंड
![]()
गोंडा में बंदरों को बचाते समय पलटी डबल डेकर बस:12 यात्री घायल, मसकनवा से दिल्ली जा रही थी; अचानक सामने आया बंदरों का झुंड
गोंडा में सोमवार 3.30 बजे एक डबल डेकर बस बंदरों को बचाने के प्रयास में बेकाबू होकर पलट गई। हादसा मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज-मनकापुर मार्ग पर ऊंट घाट पुल के पास हुआ है। इस दुर्घटना में बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही मनकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बस में सवार यात्रियों के परिजनों को भी मनकापुर कोतवाली पुलिस द्वारा सूचना दी गई है। ड्राइवर को भी चोट आई है, उन्हें भी इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले जाकर के भर्ती कराया गया हैं। दिल्ली जा रही थी बस
श्री बालाजी ट्रांसपोर्ट बस सर्विस की यह डबल डेकर बस मसकनवा से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। सड़क किनारे पेड़ होने के कारण बस पूरी तरह से नहीं पलटी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया है। बंदरों के झुंड बचाने में हुआ हादसा
मनकापुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि बस मसकनवा से चलकर नवाबगंज-मनकापुर मार्ग से होते हुए लखनऊ और फिर दिल्ली जाने वाली थी। उन्होंने कहा कि ड्राइवर ने बाईं ओर अधिक बंदरों को देखकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आए दिन इस मार्ग पर बंदरों का झुंड काफी संख्या में रहता है जिसके चलते हादसे होते रहते हैं बंदरों के झुंड को हटाने के लिए अभी तक प्रशासन द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कई बार तो राहगीरों को बंदरों के झुंड के चलते आने-जाने में काफी दिक्कतें होती हैं लोग रुक करके इंतजार करते रहते हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
