DniNews.Live

गोंडा में पीडब्ल्यूडी क्लर्क का शव कमरे में मिला:घर अंदर से बंद था, दिनभर नहीं दिखने पर पड़ोसी ने बुलाई पुलिस

गोंडा जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर मोहल्ले में रह रहे 52 वर्षीय पीडब्ल्यूडी क्लर्क संतोष कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव देर शाम कमरे के भीतर बिस्तर पर मिला। संतोष कुमार घर में अकेले रहते थे। आज पूरे दिन जब वह घर से बाहर नहीं दिखाई दिए और उनका घर भीतर से बंद था, तब पड़ोसियों ने गोंडा नगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया और फिर दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। वहां संतोष कुमार का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद, नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।बताया जा रहा है कि 52 वर्षीय संतोष कुमार गोंडा लोक निर्माण विभाग के खंड 2 में क्लर्क के पद पर तैनात थे। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की विस्तृत जांच और कार्रवाई की मांग की है। गोंडा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस संतोष कुमार के मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही है। इसके साथ ही, मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है ताकि मामले से जुड़े सुराग मिल सकें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *