![]()
गोंडा में दिनदहाड़े बाजार से बुलेट चोरी, VIDEO:दुकान के सामने खड़ी थी, युवक ने चाबी लगाई और स्टार्ट कर ले गया
गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हो गई है यह घटना गोंडा-अयोध्या मार्ग पर स्थित वजीरगंज बाजार में शिवलाल सोनी की दुकान के सामने हुई। पीड़ित अजय यादव ने अज्ञात चोर के खिलाफ वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। चोरी की यह पूरी घटना शिवलाल सोनी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सामने आए 38 सेकंड के सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक बुलेट पर बैठता है। कुछ देर इंतजार करने और आसपास देखने के बाद वह अपनी चाबी लगाकर बुलेट लेकर अयोध्या की दिशा में फरार हो जाता है। पीड़ित अजय यादव, जो चंदापुर ग्राम पंचायत के साखीपुर लक्ष्मणपुर गांव के निवासी हैं, ने बताया कि वह घर का सामान खरीदने वजीरगंज बाजार आए थे। उन्होंने अपनी बुलेट शिवलाल सोनी की दुकान के सामने खड़ी की और दूसरी दुकान पर सामान लेने चले गए। वापस आने पर उन्हें अपनी बुलेट गायब मिली। वजीरगंज थाना अध्यक्ष विपुल पांडे ने बताया कि तत्काल अजय यादव के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बुलेट की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे एक ही युवक की तलाश जारी है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply