गोंडा जिले में चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। सुबह 4 बजे से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगी हुई थीं। श्रद्धालु मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद ले रहे हैं। विशेष रूप से मुकुंदपुर स्थित 34वीं शक्तिपीठ मां बाराही देवी मंदिर, खैरा कुंभ नगर में मां खैरा भवानी मंदिर और गोंडा शहर में मां काली भवानी मंदिर में भारी भीड़ रही। इन मंदिरों में श्रद्धालु अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराने के लिए भी दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। मां खैरा भवानी मंदिर का ऐतिहासिक महत्व भी है, जहां नवरात्रि के अलावा हर सोमवार, शुक्रवार और मंगलवार को हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं का कड़ा इंतजाम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। सादी वर्दी और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस ने की निगरानी गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन मंदिरों में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी के जवान भी तैनात हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply