गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धानेपुर बाजार में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती मोटरसाइकिल में आग लग गई। इस घटना में मोटरसाइकिल चालक घनश्याम शुक्ला ने कूदकर अपनी जान बचाई। आशंका है कि पेट्रोल ओवरफ्लो होने के कारण यह हादसा हुआ। धानेपुर नगर पंचायत के सरजू पूरवा निवासी घनश्याम शुक्ला बाजार से लौट रहे थे। बाजार में ही अचानक उनकी मोटरसाइकिल में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी मोटरसाइकिल धू-धू कर जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद लोग मोटरसाइकिल जलने का वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी फायर ब्रिगेड को सूचना नहीं दी। धानेपुर पुलिस भी घंटों बाद मौके पर पहुंची, तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल चुकी थी। बताया जा रहा है कि घनश्याम शुक्ला ने अफवाहों के बीच अपनी मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी फुल करवा ली थी, जिससे पेट्रोल ओवरफ्लो होकर आग लगी। इस घटना में घनश्याम शुक्ला को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, क्योंकि उन्होंने कुछ ही दिन पहले यह मोटरसाइकिल खरीदी थी। 3 तस्वीरें देखिए… पीड़ित घनश्याम शुक्ला ने बताया, “मैं देर रात बाजार में सामान खरीदने गया था। अचानक मेरी मोटरसाइकिल में आग लग गई। मैंने तुरंत मोटरसाइकिल छोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई। आग किस कारण लगी, यह मुझे नहीं पता, लेकिन मेरी टंकी फुल थी, हो सकता है उसी वजह से आग लगी हो। अगर लोग सहयोग करते तो मेरी मोटरसाइकिल बच जाती।” धानेपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल में लगी आग पर मौके पर पहुंच करके पुलिस कर्मियों द्वारा काबू पा लिया गया है देर से आग लगने की सूचना मिली थी।

Leave a Reply