गोंडा के यूपी कोऑपरेटिव बैंक की बड़गांव शाखा में हुए 21.47 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले में नामजद 16 में से 13 आरोपी 71 दिनों से फरार चल रहे हैं। गोंडा की नगर कोतवाली पुलिस अभी तक इन्हें गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ फरार आरोपी खुलेआम बड़े नेताओं के साथ मंच साझा करते देखे जा रहे हैं। यह मामला फर्जी दस्तावेजों के सहारे गलत तरीके से 21.47 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े और घोटाले से जुड़ा है। गोंडा नगर कोतवाली में इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। बीते 12 जनवरी से ही नगर कोतवाली पुलिस इस पूरे फ्रॉड की जांच कर रही है। फरार चल रहे आरोपियों में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अजय कुमार, तत्कालीन प्रबंधक सुशील कुमार, तत्कालीन सहायक कैशियर पवन कुमार शामिल हैं। इनके अलावा खाताधारक सुमित्रा पाल, संजना सिंह, राज प्रताप सिंह, जय प्रताप सिंह, फूल मोहम्मद, रितेंद्र पाल सिंह, गीता देवी वर्मा, दुष्यंत प्रताप सिंह, मोहम्मद असलम और प्रतीक कुमार सिंह भी शामिल हैं। इस पूरे घोटाले और फ्राड ही नहीं बल्कि कई और भी मामले हैं मामलों की भी जांच नगर कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है। अपराध निरीक्षक सभाजीत सिंह ने जांच में इस फ्रॉड और घोटाले की पुष्टि की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है, लेकिन पुलिस को अभी तक सफलता नहीं मिली है। अपराध निरीक्षक सभाजीत सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार टीमें लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद करके फरार चल रहे हैं, जिससे उनकी गिरफ्तारी में दिक्कत आ रही है। सिंह ने यह भी कहा कि यदि कोई आरोपी किसी नेता के साथ घूम रहा है, तो उसकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किया जा रहा है, हालांकि पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है।

Leave a Reply