गोंडा जिले की परसपुर पुलिस ने अवैध रूप से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 14 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं, जिनमें से 10 भरे हुए थे और चार खाली थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेश कुमार पासवान, अंगद पासवान और रामदुलारे मौर्या के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में इन सिलेंडरों को छिपाकर लखनऊ ले जा रहे थे। परसपुर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान इन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन सिलेंडरों को कम दाम पर खरीदकर लखनऊ में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3/7 ईसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इन्हें गोंडा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ग्राहकों की पासबुक का इस्तेमाल कर बुकिंग के नाम पर घरेलू गैस सिलेंडर लेते थे और फिर उन्हें अवैध रूप से बेचते थे। परसपुर थाना अध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित यादव, कांस्टेबल योगेंद्र प्रताप यादव और अजय सिंह की टीम चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी ये आरोपी पकड़े गए। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply