गोंडा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के अचलपुर गांव में कल 32 वर्षीय अरविंद बाबा उर्फ अरविंद तिवारी की हुई संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने आज मंगलवार को उनके अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया है। परिजन घर के बाहर चारपाई पर शव रखकर आरोपियों के खिलाफ मारपीट के मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ने की मांग कर रहे थे। घंटों की बातचीत के बाद, पुलिस के आश्वासन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अरविंद का अंतिम संस्कार किया गया। मोतीगंज पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का आरोप है कि 22 मार्च को गांव के मनीराम तिवारी और श्रीकांत, अरविंद को घर से बुलाकर ले गए थे। अरविंद 22 मार्च को पूरे दिन गायब रहे और अगले दिन उनका शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनीपुर में मिला था। परिजनों ने मनीराम तिवारी और श्रीकांत पर अरविंद की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, लेकिन अभी तक रिपोर्ट सामने नहीं आई है। मोतीगंज थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply