मेरठ नगर निगम ने गृहकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को भी शहर में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने शहर के तारापुरी और लिसाड़ी रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 56 दुकानों को सील कर दिया। लंबे समय से गृहकर जमा न करने वाले व्यापारियों पर यह कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, बकाया कर की वसूली को लेकर लगातार नोटिस और चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन कई व्यापारियों द्वारा इसे नजरअंदाज किया जा रहा था। इसके चलते निगम को सख्त कदम उठाने पड़े। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान निगम की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। वहीं, कर वसूली अभियान के तहत नगर निगम को आज कुल 2 लाख 14 हजार रुपये की नकद वसूली भी प्राप्त हुई। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बकायेदारों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य कर निर्धारक एस.के. गौतम ने बताया कि जिन संपत्तियों पर लंबे समय से गृहकर बकाया है, उनके खिलाफ सीलिंग और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय पर अपना गृहकर जमा करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या कार्रवाई से बचा जा सके।

Leave a Reply