डॉक्टर को दिखाने के लिए गूगल सर्च इंजन पर नंबर खोजना एक व्यक्ति महंगा पड़ गया। गूगल से मिले नंबर पर कॉल करने पर साइबर ठग ने पांच रुपये का टोकन लेकर नंबर लगाने की सलाह दी, जिस पर पीड़ित ने पांच रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिया। जिसके बाद साइबर ठग ने पीड़ित के दो बैंक खाते से 11.44 लाख रुपए पार कर दिए। घटना के बाद पीड़ित 12 माह तक मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटकता रहा। पुलिस के आलाधिकारियों से शिकायत के बाद नजीराबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। 16 मार्च 2025 को गूगल से सर्च किया था नंबर कौशलपुरी निवासी विष्णु मोहन ठक्कर ने बताया कि बीते साल अस्वस्थ होने के कारण 16 मार्च 2025 को उन्होंने सनातन धर्म चिकित्सालय में कॉल की। कॉल रिसीव नहीं होने पर उन्होंने गूगल सर्च इंजन पर चिकित्सालय सर्च किया। उससे मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क कर डॉक्टर के बारे में पूछा, तो उन्हें दूसरे दिन डॉक्टर के मिलने की जानकारी दी गई। इस बीच उन्हें सलाह दी गई कि अगर अभी पांच रुपए टोकन का देकर नंबर लेते है तो आपका नंबर लग जाएगा और आपको लाइन में नहीं लगना पड़ेगा, जिससे आप भीड़ से बच जाएगे। जिस पर उन्हें पांच रुपये ऑनलाइन करने के लिए बोला गया। जिसके बाद उन्होंने एटीएम कार्ड के जरिए पांच रुपये ट्रांसफर कर दिए। जिसके कुछ देर बाद उनके दो बैंक खाते से 11.44 लाख रुपये निकल गए। नजीराबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply