गुरसराय थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब गमी में शामिल होने जा रहे दो युवकों की बाइक को सामने से आ रहे हार्वेस्टर ने टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, ग्राम सिर्वों निवासी मानवेंद्र (27) पुत्र मोहनलाल और छत्रपाल (30) पुत्र शिवनंदन अहिरवार स्यावनी मऊरानीपुर में एक परिचित के यहां गमी में शामिल होने जा रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही ग्राम भसनेह के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल गुरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. हरनारायण राजपूत ने मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल छत्रपाल का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply