गुजैनी एलिवेटेड पुल पर खराब खड़े पेट्रोल लदे टैंकर में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और उससे पेट्रोल का रिसाव होने लगा। चालक ने इलाकाई लोगों की मदद मांगी, लेकिन जैसे ही लोगों को पेट्रोल गिरने की जानकारी हुई तो हाईवे पर लूट मच गई। लोग ड्रम, बाल्टी में पेट्रोल भरकर दौड़ पड़े, इस पर तत्काल चालक ने पुलिस और कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लोगों को खदेड़ा। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में दूसरा टैंकर बुलवाकर पेट्रोल खाली कराने का काम शुरू कराया। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया। पहले देखिए दो तस्वीरें… गुजैनी हाईवे पर खराब हो गया था टैंकर बांदा, तेंदवारी के जबलपुर गांव निवासी टैंकर चालक मुन्ना प्रसाद ने बताया कि वह रायपुर स्थित एचपीसीएल के डिपो से टैंकर में पेट्रोल भरवाकर शिवराजपुरम जा रहा था। तभी गुजैनी एलिवेटेड पुल पर टैंकर खराब हो गया। इस पर टैंकर को साइड में करके मिस्त्री बुलवाकर ठीक कराने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा वाहन टैंकर को साइड से टक्कर मारते हुए गुजर गया।, जिससे टैंकर के किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। चालक ने पहले रिसाव रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रूका। इस पर आसपास के लोगों से बाल्टी की मांगते हुए कहा कि उसके टैंकर से पेट्रोल गिर रहा। इतना सुनते ही वहां मौजूद भीड़, जिसके हाथ में जो बर्तन लगा, उससे लेकर दौड़ पड़ा। लोगों की भीड़ देख तत्काल कंपनी और पुलिस को सूचना दी, जिसके कुछ ही देर में पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। गोविंद नगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस फायर ब्रिगेड और एचपीसीएल के अधिकारियों की मौजूदगी में पेट्रोल को दूसरे टैंकर में खाली करवा जा रहा है।

Leave a Reply