गाजीपुर पुलिस ने बुधवार को मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने लगभग 50 लाख रुपये मूल्य का 83 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इस बात की पुष्टि सीओ भुड़कुड़ा शुभम वर्मा ने की। सीओ वर्मा ने बताया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भुड़कुड़ा थाने की पुलिस और एनटीएफ की टीम SPBD इंटर कॉलेज तिराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से 83 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा मिला। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से आजमगढ़ निवासी प्रदीप यादव और बलिया निवासी अभिषेक सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। उनके पास से 2 मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा लखनऊ से मंगाया जाता था और इसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर इलाके में सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की भी जांच में जुटी है।

Leave a Reply