गाजीपुर में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत ‘स्कूल चलो अभियान’ के साथ की गई। नगर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय रायगंज द्वितीय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना, ड्रॉपआउट रोकना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। कक्षा 1 के नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और फूलों से स्वागत किया गया। उन्हें निःशुल्क पुस्तकें भी वितरित की गईं, जिससे उनमें स्कूल के प्रति उत्साह बढ़ा। BSA ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यालय की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और डिजिटल कक्षाओं की सराहना की। BSA ने कहा, इस अभियान का लक्ष्य केवल नामांकन तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने ‘साक्षरता से समृद्धि अभियान’ को आगे बढ़ाने, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और अभिभावक-शिक्षक संवाद को मजबूत करने पर जोर दिया। शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप प्रिंट-रिच सामग्री, डिजिटल संसाधनों और शिक्षक डायरी का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बाल-केंद्रित मूल्यांकन प्रणाली अपनाने की बात कही गई। अभिभावकों से अपील की गई कि वे घर पर बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करें, ताकि शिक्षा का माहौल मजबूत हो सके। विद्यालय प्रबंध समिति ने भी पुस्तकालय अपडेट और खेल सामग्री वितरण की आगामी योजना साझा की। कार्यक्रम के समापन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर ‘स्कूल चलो अभियान’ की जागरूकता रैली को रवाना किया। यह रैली आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा का संदेश फैलाने के लिए निकाली गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक नसीम अब्बासी ने की, जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापिका अर्षी हुसैन ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार सहित अनेक शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी नगर रितेश सिंह ने किया।

Leave a Reply