गाजीपुर के कलेक्टर घाट पर फैली गंदगी को लेकर दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका हरकत में आ गई है। घाट और गंगा में पड़ी गंदगी की साफ-सफाई का अभियान शुरू कर दिया गया है। शहर के नालों से सीधे गंगा में जा रहे कचरे को रोकने के लिए अब नालों में जाल भी लगाए गए हैं। हालांकि, घाटों की नियमित साफ-सफाई न होने पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि इनकी जिम्मेदारी नगर पालिका की है और सफाईकर्मी भी तैनात हैं। इसी क्रम में, नगर पालिका की जेई पूजा ने मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से बात कर एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। 5 तस्वीरें देखिए… इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि सफाई की व्यवस्था पहले से मौजूद है, लेकिन भीड़ बढ़ने पर स्थिति बिगड़ जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि अब घाटों की सफाई के लिए अलग से कर्मचारी तैनात करने की योजना बनाई जा रही है। इस पर शनिवार को होने वाली बोर्ड बैठक में निर्णय लिया जाएगा। अधिशासी अधिकारी राय ने यह भी बताया कि श्रद्धालुओं द्वारा फूल, नारियल और अन्य सामग्री गंगा में फेंकने से रोकने के लिए घाटों पर स्थायी रूप से ‘अर्पण कलश’ की व्यवस्था भी लागू की जाएगी।

Leave a Reply