गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में दोपहर एक 21 साल की युवती ने हिंडन नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की। घटना करीब 3:30 बजे हिंडन बैराज के पास की है। आसपास नदी में मछली पकड़ रहे लोगों ने युवती को कूदते हुए देखा तो तुरंत उसे बचाने के लिए खुद भी नदी में उतर गए। कड़ी मशक्कत के बाद मछुआरों ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवती को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह बोलने की स्थिति में है। युवती की पहचान निम्मी उर्फ आरती (21) के रूप में हुई है, जो कानपुर की रहने वाली है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह घर से नाराज होकर बिना बताए गाजियाबाद आ गई थी। बताया जा रहा है कि उसकी शादी की बात चल रही थी और संभव है कि वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी, इसी कारण उसने यह कदम उठाया। SHO रवींद्र गौतम ने बताया कि युवती के पास से कोई मोबाइल फोन नहीं मिला है। अब उसके परिवार से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके।

Leave a Reply