गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की एक स्कूटी, एक बाइक, एक छीना हुआ मोबाइल फोन और सोने के झुमके की चेन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 20/21 मार्च 2026 की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी का सामान लेकर घूम रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने गंदे नाले की सर्विस रोड X-01 पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अमन (22 वर्ष), निवासी गणेशपुरी, शालीमार गार्डन, और अमन (20 वर्ष), निवासी शहीद नगर, के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लगभग छह महीने पहले नंदनगरी और जीटीबी एन्क्लेव इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी की थी। इसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर करीब सात-आठ दिन पहले 150 फुटा रोड पर पैदल जा रही एक महिला के कान से झुमके की चेन छीनी थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि झुमका नकली था, जिसे उन्होंने फेंक दिया था, लेकिन सोने की चेन उनके पास से बरामद हो गई। एक आरोपी ने बताया कि लगभग एक महीने पहले वजीराबाद रोड पर जूडियो के पास सिकंदरपुर इलाके में एक युवक से मोबाइल फोन छीना था। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें पकड़ा गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर पहले से चोरी और स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं। शालीमार गार्डन, टीलामोड़, नंदनगरी और जीटीबी नगर थानों में उनके खिलाफ कुल पांच मुकदमे दर्ज मिले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply