गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। यह कार्रवाई 31 मार्च 2026 को की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोनी क्षेत्र के गिरी मार्केट के पास बिलाल मस्जिद निवासी शान मोहम्मद और सिराजू के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें इनाम विहार स्थित फातिमा मस्जिद के पास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, बरामद बाइक दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके से चोरी की गई थी। आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए बाइक की आगे की नंबर प्लेट हटा दी थी और पीछे फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। घटना वाले दिन भी वे सभापुर इलाके में एक मैरिज होम के पास चोरी करने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सिराजू के खिलाफ पहले भी लूट और अवैध हथियार से जुड़े मामले दर्ज हैं। वहीं, शान मोहम्मद पर भी चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply