बरेली के गांधी बाग (कंपनी गार्डन) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। ईद के मौके पर उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर करीब 8-10 अराजक तत्वों ने प्रतिमा की गरिमा को तार-तार कर दिया। इन युवाओं ने न केवल प्रतिमा पर चढ़कर रील बनाई, बल्कि बापू की मूर्ति के साथ बेहद आपत्तिजनक और अश्लील हरकतें भी की। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। रील के चक्कर में भूल गए मर्यादा, पुलिस ने शुरू की जांच घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित रामपुर गार्डन की है। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के मुताबिक, भीड़भाड़ का फायदा उठाकर कुछ युवक और बच्चे गांधी प्रतिमा के ऊपर चढ़ गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कोई प्रतिमा के कान खींच रहा है, तो कोई गाल पर थप्पड़ मार रहा है। रील बनाने के जुनून में इन युवाओं ने महापुरुष के प्रति सम्मान की तमाम हदें पार कर दीं। उद्यान के गार्ड इंद्रजीत ने बताया कि उस दिन भारी भीड़ होने के कारण स्थिति संभालना मुश्किल था, हालांकि उन्होंने कुछ लड़कों को वहां से खदेड़ा भी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ शुरू कर दी है। वीडियो के आधार पर खुराफातियों की पहचान की जा रही है ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply