गर्मी की छुट्टियों को लेकर ट्रेनों में अभी से भारी भीड़ देखने को मिल रही है। अप्रैल-मई की यात्रा के लिए यात्रियों ने अग्रिम बुकिंग शुरू कर दी है, लेकिन ज्यादातर ट्रेनों में वेटिंग लंबी होने से परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में रेलवे ने लखनऊ के रास्ते जम्मू, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए 45 से अधिक अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। अप्रैल से ही पहाड़ी इलाकों की सैर के लिए यात्रियों का रुझान बढ़ जाता है। इसी कारण ट्रेनों में सीटों की मांग तेजी से बढ़ी है और कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। जम्मू रूट की ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव लखनऊ से जम्मू जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस में 16, 17 और 18 अप्रैल के लिए स्लीपर कोच में क्रमश: 49, 45 और 40 तक वेटिंग पहुंच गई है, जबकि थर्ड एसी में भी 26, 17 और 29 वेटिंग चल रही है। अमरनाथ एक्सप्रेस में स्लीपर और थर्ड एसी दोनों श्रेणियों में सीटें फुल हो चुकी हैं और ‘रिग्रेट’ स्थिति बन गई है। अन्य ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग, यात्रियों की बढ़ी चिंता कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस की स्लीपर में 46, 20 और 27 वेटिंग दर्ज की गई है, जबकि थर्ड एसी में सात से 15 तक वेटिंग है। वाराणसी की जनता एक्सप्रेस में स्लीपर में 15, 18 और 39 तक वेटिंग पहुंच गई है, जबकि थर्ड एसी में पांच से 16 तक यात्री प्रतीक्षा सूची में हैं। राप्तीगंगा एक्सप्रेस और कुंभ एक्सप्रेस में भी वेटिंग बनी हुई है। काठगोदाम और बाघ एक्सप्रेस में भी दबाव बरकरार लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस में स्लीपर में आरएसी चल रही है, लेकिन थर्ड एसी में वेटिंग शुरू हो चुकी है। वहीं बाघ एक्सप्रेस की स्लीपर में 20, पांच और आठ वेटिंग तथा थर्ड एसी में दो से छह तक वेटिंग दर्ज की गई है। स्पेशल ट्रेनों से मिलेगी राहत रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जल्द ही स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, ताकि गर्मी की छुट्टियों में सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply