मिर्जापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक घर में हादसा हो गया। मुंशी भगवान दास रोड स्थित इस घर में 24 वर्षीय गर्भवती महिला सुकन्या की सीढ़ी से आंगन में गिरने से मृत्यु हो गई। सुकन्या की शादी 29 अप्रैल 2025 को दीपक मोदनवाल से हुई थी। वह लगभग सात माह की गर्भवती थी। मृतका देहात कोतवाली क्षेत्र के नकहरा स्थित अपने मायके की रहने वाली थी। मंगलवार सुबह सुकन्या सीढ़ी से उतरते समय फिसलकर आंगन में गिर गई। उस समय घर के अन्य सदस्य सो रहे थे। पड़ोसियों ने उसे आंगन में गिरा देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राथमिक जांच में इसे एक हादसा बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply