बोधगया के एक निजी होटल में आयोजित शादी समारोह में मारपीट का वीडियो सामने आया है। मामला 29 नवंबर का है। CCTV फुटेज घटना के 4 दिनों बाद सामने आया है। लड़की पक्ष ने 2 लाख रुपए की डिमांड लड़का पक्ष की ओर से किए जाने का आरोप लगाते हुए बोधगया थाने में केस दर्ज कराया था। वीडियो में दिख रहा है कि टेबल पर व्यंजन रखे पड़े हैं। खाना परोसा जा रहा था। उसी दौरान मिठाई कम पड़ने की बात उठी। बस, इतना भर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। दो–चार मिनट में ही मामला बहसबाजी से निकलकर सीधे लात–घूंसे और कुर्सियों से मारपीट तक पहुंच गया। जिसके हाथ में जो आया कुर्सी, प्लेट, गिलास सबका इस्तेमाल मारपीट में हो गया। होटल का हॉल कुछ देर के लिए दंगल का मैदान बन गया। झड़प में दोनों तरफ के लोग घायल बताए जा रहे हैं। लड़की पक्ष को शादी रद्द करनी पड़ी लड़के पिता का कहना है कि जयमाला से लेकर ज्यादातर रस्में पूरी हो चुकी थीं। बस मंडप में बैठकर फेरे बाकी थे। लेकिन रसगुल्ले पर शुरू हुआ बवाल इतना बढ़ा कि मामला पूरी तरह बिगड़ गया और लड़की पक्ष को शादी रद्द करनी पड़ गई। दूल्हा के पिता महेंद्र प्रसाद का कहना है कि विवाद रसगुल्ले की कमी को लेकर हुआ था। लेकिन दुल्हन पक्ष ने हम लोगों पर दहेज मांगने का झूठा आरोप लगाकर बोधगया थाना में मुकदमा दर्ज करा दिया। मुकदमे के बाद भी हम अपने बेटे की शादी कराना चाहते थे, लेकिन दुल्हन पक्ष पीछे हट गया। दूल्हा की मां मुन्नी देवी का कहना है- जब समझौता चल रहा था, तभी दुल्हन पक्ष के लोग शादी में लाए गए जेवर–गहने समेटकर दुल्हन को अपने साथ लेकर होटल से निकल गए। होटल की बुकिंग भी हमारे तरफ से की गई थी। इतना होने के बावजूद हम शादी के लिए तैयार हैं। लेकिन लड़की पक्ष वाले तैयार नहीं। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। बोधगया थानाध्यक्ष का कहना है कि जांच में यह भी देखा जा रहा है कि विवाद वास्तव में रसगुल्ले से शुरू हुआ या मामला पहले से ही तनावपूर्ण था। जांच चल रही है। फिलहाल शादी टूट चुकी है और दोनों परिवार अपनी–अपनी बात पर अड़े हैं।
https://ift.tt/GmYSlpj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply