ललितपुर जिले के ग्राम धर्मपुरा में खेत पर सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। यह घटना शनिवार रात की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम धर्मपुरा के मजरा निवासी अरविंद राजपूत (29) शनिवार रात करीब 8 बजे अपने खेत पर फसल की सिंचाई करने गया था। विद्युत मोटर चलाते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और झुलस गया। वहां से गुजर रहे एक अन्य किसान ने अरविंद को देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और अरविंद को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा धनीराम लोधी ने बताया कि अरविंद चार बहनों में इकलौता भाई था। उसके दो छोटे पुत्र हैं। अरविंद के पिता बीमार रहते हैं, और वह पूरे घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply