DniNews.Live

खेत में काम करते हुए युवक को लगा करंट, मौत:इटावा में ट्रैक्टर के लिए रास्ता साफ कर रहा था, तार की चपेट में आया

इटावा में खेत में काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के असवा गांव में युवक खेत में ट्रैक्टर निकालने के लिए रास्ता साफ कर रहा था। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। परिजनों ने इस घटना के लिए हाईटेंशन लाइन में अवैध रूप से डाली गई कटिया को जिम्मेदार ठहराया है। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खेत में काम के दौरान हुआ हादसा मंगलवार की शाम असवा गांव के नवमी लाल का बेटा संदीप (28) अपने खेत में गेहूं की फसल कटने के बाद ट्रैक्टर निकालने के लिए रास्ता साफ कर रहा था। वह खेत में पड़ी लकड़ियों को हटाकर रास्ता बनाने में जुटा था, ताकि ट्रैक्टर आसानी से निकल सके। मृतक के चाचा प्रमोद सिंह के अनुसार गांव के कुछ लोगों ने 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में अवैध रूप से कटिया डाल रखी थी। यह बिजली का तार नीचे खेतों में लगे लोहे के तार से जुड़ा हुआ था। जैसे ही संदीप ने रास्ते में पड़ी लकड़ी हटाई, वह लोहे के उसी तार की चपेट में आ गया और तेज करंट लगने से मौके पर गिर पड़ा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बिजली के संपर्क से अलग किया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टर ओम कांत राजपूत ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया। संदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी निशा और दो मासूम बेटियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध कटिया पर रोक लगाई जाती, तो यह हादसा टल सकता था।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *