जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बाबूपुर सरैया गांव में मंगलवार को गेहूं के खेत में लगी आग बुझाते समय एक किसान मुख्तार अहमद (55) की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। आग ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण लगी थी। मंगलवार दोपहर गांव निवासी बाबादीन के खेत में लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी ने खेत में पड़े गेहूं के अवशेष (नरई) में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के मोईद, मोईन, शायजहां, वसीम और उम्मर के खेतों तक फैल गई। इस अग्निकांड में करीब तीन बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे थे। इसी दौरान आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे मुख्तार अहमद अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के प्रति आक्रोश भी देखने को मिला। हल्का लेखपाल ऋचा तिवारी ने बताया कि आग से करीब तीन बीघा गेहूं के नुकसान का आकलन किया गया है और इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है और परिजनों ने भी कोई सूचना नहीं दी है। सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्तार अहमद दिल्ली में शीशे की दुकान चलाते थे और अपने बड़े भाई इस्तियाक की मौत की सूचना पर गांव आए थे। उनके परिवार में पत्नी जुबैदा और पांच बच्चे (बेटे शाहिद अली, साहिल और बेटियां जमीला, खुशनुमा, रहनुमा) हैं।

Leave a Reply