अयोध्या में चैत्र नवरात्र से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत विभिन्न दुकानों से खाद्य सामग्री के कुल 8नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चैत्र नवरात्र के दौरान विशेष रूप से तैयार होने वाले भोग और प्रसाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।इनमें सिंघाड़े का आटा, घी, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, कुट्टू का आटा, सेंधा नमक और अन्य फलाहार शामिल हैं। यह अभियान मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जिले में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की कई टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें 25मार्च तक बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर लगातार निगरानी रखेंगी। प्रवर्तन कार्रवाई के लिए सचल दल भी बनाए गए हैं। इसी क्रम में,सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के नेतृत्व में एक सचल दल ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार सोनी, नंद कुमार यादव और संतोष कुमार साहू शामिल थे। निरीक्षण के दौरान, नंद कुमार यादव ने किशमिश का एक नमूना लिया, जबकि संतोष कुमार साहू ने बीकापुर के बेनी गद्दौपुर स्थित सरदार किराना स्टोर से सेंधा नमक का एक नमूना संग्रहीत किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पी.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में भी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शरद पाल ने साहबगंज के वैदिक इन से पनीर का एक नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमित चौधरी ने अमानीगंज के अवध प्रोविजन स्टोर से कुट्टू का आटा और किशमिश का एक-एक नमूना संग्रहीत किया। इसके अतिरिक्त, खण्डासा स्थित हजारीलाल मिष्ठान भंडार से बर्फी का एक नमूना भी लिया गया। कुल मिलाकर,आगामी नवरात्रि त्योहार के मद्देनजर 8 खाद्य नमूनों का संकलन कर उन्हें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। यह जानकारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, अयोध्या के मानिक चंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply