खनन टीम पर हमले का एक और आरोपी गिरफ्तार:कौशांबी में ओवरलोड ट्रकों की चेकिंग के दौरान हुआ था हमला
![]()
खनन टीम पर हमले का एक और आरोपी गिरफ्तार:कौशांबी में ओवरलोड ट्रकों की चेकिंग के दौरान हुआ था हमला
कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में खनन टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना में ओवरलोड मोरंग लदे ट्रकों की चेकिंग के दौरान खनन इंस्पेक्टर शत्रुघ्न सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट और धक्का-मुक्की की गई थी। पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। यह घटना 28-29 मार्च की देर रात कसेंदा स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई थी। खनन इंस्पेक्टर शत्रुघ्न सिंह वहां ओवरलोड मोरंग लदे ट्रकों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक मालिकों और पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि पेट्रोल पंप मालिक अंशु सिंह और कुछ ट्रक मालिकों ने खनन इंस्पेक्टर के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा भी हुआ, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। खनन इंस्पेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक अंशु सिंह, मैनेजर सहित चार नामजद और बारह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के बाद 30 मार्च को पिपरी पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें बलवन्त सिंह यादव, मान सिंह यादव (दोनों निवासी मखऊपुर, पिपरी), रवि सिंह पटेल (निवासी फतेहपुर सहावपुर, पिपरी) और पवन कुमार (निवासी औधन, पिपरी) शामिल थे। इन सभी को जेल भेज दिया गया था। इसी मामले में पिपरी थाना पुलिस टीम ने अब एक और आरोपी हरिओम कुमार साहू (पुत्र शीतला प्रसाद साहू, निवासी ग्राम भरहा, थाना करछना, जनपद प्रयागराज) को गिरफ्तार किया है। विधिक कार्यवाही के बाद उसे भी जेल भेज दिया गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
