हरदोई शहर में शनिवार देर रात रोडवेज बस अड्डे के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहां खड़ी रोडवेज की अनुबंधित बस से एक तेज रफ्तार कार पीछे से टकरा गई, जिससे कार में आग लग गई। कार में सवार पांच लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। यह घटना देर रात हुई जब रोडवेज की अनुबंधित बस (संख्या UP 30 CT 174) बस अड्डे के पास खड़ी थी। शहर के पीडब्ल्यूडी मार्ग से नुमाइश चौराहे की ओर आ रही काली रंग की क्रेटा कार (संख्या UP 30 BC 0494) बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई। आग की चपेट में बस का पिछला हिस्सा भी आ गया, जिससे बस की कुछ सीटें जल गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी शिवराम यादव ने बताया कि आग बुझा ली गई है और इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने जानकारी दी कि कार सवार लोग मौके से फरार हो गए हैं और कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। कार में नहीं थी कोई सवारी, बचा बड़ा हादसा गनीमत रही कि हादसे के वक्त रोडवेज की अनुबंधित बस में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा बच गया।

Leave a Reply