जमुई जिले के खैरा प्रखंड के खड़ाइच गांव में शुक्रवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। गांव निवासी पिंकू साव के घर से करीब ढाई लाख रुपए के गहने और नगदी चोरी कर भाग रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। यह घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे हुई। उस समय घर में पिंकू साव की पत्नी रेणु देवी, उनकी सास, गोतनी और बच्चे मौजूद थे। रेणु देवी के 15 वर्षीय बेटे पीयूष कुमार ने घर के भीतर कुछ आवाज सुनी, जिसके बाद उसने अपनी मां को इसकी जानकारी दी। जब रेणु देवी कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि एक युवक बक्से से सामान निकाल रहा था और टीवी खोलने का प्रयास कर रहा था। शोर मचाने पर आरोपी ने धक्का दिया और चोरी किए गए सामान के साथ भागने लगा। वह छत से कूदकर फरार हुआ, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। रेणु देवी के अनुसार, चोर लगभग 2 लाख रुपए के गहने और करीब 30 हजार रुपए नगद लेकर भागा था। घटना के बाद घायल अवस्था में आरोपी गांव के मंदिर में जाकर छिप गया। रेणु देवी और उनके बेटे पीयूष कुमार ने उसे वहीं पकड़ लिया। हंगामा होने पर अन्य ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और आरोपी को पकड़ने में सहयोग किया। इसके बाद रेणु देवी ने डायल 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक की पहचान गांव के ही अरुण सिंह के बेटे गोलू कुमार (गोलू सिंह) के रूप में की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
https://ift.tt/mTcAB6j
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply