DniNews.Live

कौशाम्बी में पुरानी रंजिश में घर पर पथराव:मंझनपुर में दो पक्षों में विवाद, वीडियो आया सामने

कौशाम्बी के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के घना का पूरा गांव में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने शुक्रवार सुबह थाने में तहरीर दी है। पीड़ित मोहम्मद तौफीक उर्फ रूबी पुत्र मोहम्मद शहीद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह देर रात अपने घर के बाहर टहल रहा था। तभी मोहम्मद हसन दो अन्य लोगों के साथ ई-रिक्शा से आया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर तौफीक ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ ले गई। तौफीक का आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद देर रात मोहम्मद हसन के परिवार के दर्जनों लोग लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों के साथ उनके घर पर चढ़ आए और जमकर पथराव किया। इस घटना का वीडियो भी वायरल है। पीड़ित ने इरफान नामक व्यक्ति पर अवैध असलहे से कई राउंड फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कौशाम्बी पुलिस ने देर रात ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि यह मामला एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश का है, जिसमें मारपीट हुई है। पुलिस ने फायरिंग के आरोपों को असत्य बताया है। मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *