कौशांबी के मंझनपुर थाना क्षेत्र के अशोक नगर वार्ड नंबर 10, नया पुरवा में बीती रात एक भीषण आगजनी की घटना हुई। इस हादसे में तीन भाइयों की मेहनत की कमाई राख हो गई। मटके पकाने के लिए सुलगाई गई आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में रखा कीमती सामान और व्यापारिक सामग्री जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार, नया पुरवा निवासी अमर सिंह, बरमदीन और राम सिंह (पुत्रगण राम किसन) मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं। वे अपनी रोजी-रोटी के लिए मटके और कुल्हड़ तैयार करते हैं। बीती देर रात जब उन्होंने मटके पकाने के लिए भट्ठे में आग सुलगाई, तो अचानक चिंगारी ने पास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग पूरे परिसर में फैल गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक घर के भीतर रखा घरेलू सामान और बड़ी संख्या में तैयार मटके व कुल्हड़ जलकर राख हो चुके थे। पीड़ित भाइयों ने बताया कि इस अग्निकांड में उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मेहनत से तैयार किया गया माल और घर की जमा-पूंजी जल जाने से अब उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply