कौशांबी जिले में बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजीहीनी खालसा गांव में रविवार देर रात दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई, जिसमें दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात की है जब अरमान पुत्र मुकीम उद्दीन मस्जिद से लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल सोनू की मोटरसाइकिल से टकरा गई। इस मामूली टक्कर को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में बड़े विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ने पर अबु बकर, अबु बसर (पुत्र सलीम), सोनू (पुत्र शरीफ) और अयान (पुत्र स्व. उत्सन) गांव के मन्नान की पान की दुकान पर पहुंचे। उनके हाथों में कट्टा था। वहां मोहम्मद हसीब (पुत्र रईस अहमद) और सहाब (पुत्र तमीज उद्दीन) भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान अबु बकर और सोनू ने सहाब को गोली मार दी, जिससे उसकी पीठ और हथेली पर चोट लगी। अयान ने मोहम्मद हसीब के पेट में गोली मारी। अबु बसर ने भी फायर किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ चायल अभिषेक सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्काल घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां से उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी अपने परिवार सहित घर छोड़कर फरार हो गए हैं। सीओ चायल अभिषेक सिंह ने बताया कि बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई है, जिसमें दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। संदीपन घाट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply