कौशांबी के शहजादपुर गांव में रविवार दोपहर एक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में तेल रिसाव को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव में दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। गांव निवासी फरीद सेठ के घर के पास लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पावर हाउस को सूचित कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। आग लगने से ट्रांसफार्मर और उससे जुड़ी मुख्य केबलें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि आग फरीद सेठ के घर तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। आग के कारण पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जिसे बहाल करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं।

Leave a Reply