DniNews.Live

कौशांबी में जमीनी विवाद, दो पक्षों में संघर्ष:4 महिलाओं सहित 9 घायल, पुलिस ने सभी को पहुंचाया अस्पताल

कौशांबी जिले में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें चार महिलाओं सहित कुल नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर दोनों पक्षों के सभी नौ घायलों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव में देर रात हुई। एक पक्ष से रामबाबू पुत्र शिवपूजन, अर्जुन पुत्र शिवपूजन, शिवपूजन पुत्र दिलसुख, फूलकली पत्नी शिवपूजन और राधिका पत्नी गुड्डू शामिल थे। दूसरे पक्ष में कौशल पुत्र दयाराम, दयाराम पुत्र सूरज बली, सरस्वती पुत्री दयाराम और शीला देवी पत्नी दयाराम शामिल थे। इनके बीच पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर मारपीट शुरू हुई। मारपीट के दौरान, दूसरे पक्ष के लोगों ने रामबाबू, अर्जुन और शिवपूजन पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं, पहले पक्ष के कौशल और दयाराम को सिर में लाठी से गंभीर चोटें लगीं। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने रामबाबू, शिवपूजन और अर्जुन को प्रयागराज रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। इस संबंध में कोखराज थाना प्रभारी सीबी मौर्य ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *