कौशांबी में प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूरे होने के उपलक्ष्य में एक किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सोमवार को उदयन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना तथा लाभार्थियों को लाभान्वित करना था। सम्मेलन में उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य) पी.के. शुक्ला और भूमि संरक्षण अधिकारी विपिन कुमार सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कृषि वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार ने किसानों को खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी और उन्हें जैविक तथा प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। भूमि संरक्षण अधिकारी ने खेत-तालाब योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के बारे में जागरूक किया, जबकि मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य) ने मत्स्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक ने उपस्थित सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर कई किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। किसान शैलेंद्र कुमार और आलोक कुमार को कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए प्रमाण पत्र दिए गए। पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पंप लगाने के लिए रत्नाकर सिंह, राम नरेश, सुमित्रा देवी और सुभाष चंद्र को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत अखिलेश दत्त शुक्ल और संजय शुक्ल को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

Leave a Reply