प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में 23 मार्च 2026 को एक बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब 1:30 बजे कोल्ड स्टोरेज में कूलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले अमोनिया गैस का चैंबर फट गया, जिससे कोल्ड स्टोरेज की दीवार और छत ढह गई। इस घटना में कई मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और नगर निगम की संयुक्त बचाव टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मलबे में फंसे कुल 18 लोगों को बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों की हालत इलाज के बाद सामान्य बताई जा रही है। मृतकों के शवों का नियमानुसार पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। इस घटना का संज्ञान लेते हुए फाफामऊ थाने में मु0अ0सं0-44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 127, 287, 289, 125(b), 118(1) और आपराधिक कानून अधिनियम की धारा 07 के तहत मामला दर्ज किया गया। यह मामला अंसार अहमद, जावेद, मो. असलम बाबा, अलाउद्दीन, उस्मान मैनेजर, मंजूर, मो. इरफान और 4-5 अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 मार्च 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन गिरफ्तारियों को फाफामऊ थाना क्षेत्र के मलाक हरहर स्थित भदरी रेलवे ओवर ब्रिज के पास से अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक फॉर्च्यूनर कार (UP 70 DZ 1504) और कोल्ड स्टोरेज से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात व रजिस्टर भी बरामद किए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंसार अहमद (पुत्र स्व. नवाबअली, उम्र करीब 70 वर्ष), अलाउद्दीन (पुत्र अनवर अहमद, उम्र करीब 32 वर्ष) और मंजूर इलाही (पुत्र अंसार अहमद, उम्र करीब 32 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी चंदापुर, फाफामऊ, प्रयागराज के निवासी हैं। पुलिस ने नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सविन तोमर, उपनिरीक्षक सुखचैन तिवारी (प्रभारी एसओजी), उपनिरीक्षक दिनेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक मुकेश यादव और हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। हादसे की तस्वीरें देखिए-
कोल्ड स्टोरेज 27 साल पुराना
आदर्श कोल्ड स्टोरेज नाम से यह बिल्डिंग फाफामऊ इलाके में थी। इसके मालिक सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद हैं। हादसे के बाद से अंसार घर से लापता हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। उनके 2 भतीजे समेत 4 को हिरासत में लिया है। 27 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में तीन बिल्डिंग हैं। करीब 10 हजार स्क्वायर फीट की एक बिल्डिंग ढही है। यहां 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। कुछ मजदूर खाना खा रहे थे, कुछ आराम कर रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। पीएम मोदी और सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। घटना पर दुख जाहिर किया है। घटना के 24 घंटे बाद भी बचाव कार्य जारी
कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद सोमवार सुबह से एक बार फिर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है, जबकि मौके पर कई विभागों की टीमें मुस्तैदी से डटी हुई हैं। घटनास्थल पर सुबह से 12 जेसीबी, 2 हाईड्रा और 4 डंपर लगाए गए हैं, जिनकी मदद से तेजी से मलबा हटाया जा रहा है। हटाया गया मलबा पास के कछार क्षेत्र में गिराया जा रहा है। एफआईआर दर्ज, पूर्व मंत्री हिरासत में इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत 7 लोगों को नामजद करते हुए कुल 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कोल्ड स्टोरेज के मालिक अंसार अहमद और उनके भतीजे उस्मान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। सपा ने मुआवजे का किया एलान
घटना को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
कछार में गिराए जा रहे मलबा, मची लूट
कछार क्षेत्र में मलबा गिराए जाने के साथ ही वहां लूट जैसी स्थिति बन गई है। बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में आलू डंप था, जिसे मलबे के साथ कछार में डाला जा रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और लोग मलबे से आलू निकालकर अपने घर ले जाने लगे। यही नहीं, मलबे में दबे सरिया और अन्य कीमती सामान पर भी लोग हाथ साफ करते नजर आए। कई लोग मलबे में घुसकर सामान बटोरते दिखे।

Leave a Reply