प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज हादसे का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक युवक का पूरा शरीर आरसीसी पिलर के मलबे में लगभग 5 फीट नीचे दबा नजर आ रहा है। सिर्फ उसका सिर बाहर है, जबकि आसपास के लोग हाथों से मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं। दर्द से तड़पते शख्स का शरीर बुरी तरह कांप रहा है, लेकिन मदद की गुहार तक उसकी आवाज नहीं निकल पा रही। यह भयावह दृश्य देखने वालों के रोंगटे खड़े कर देता है। हादसे की तस्वीरें देखिए-
कोल्ड स्टोरेज 27 साल पुराना
आदर्श कोल्ड स्टोरेज नाम से यह बिल्डिंग फाफामऊ इलाके में थी। इसके मालिक सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद हैं। हादसे के बाद से अंसार घर से लापता हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। उनके 2 भतीजे समेत 4 को हिरासत में लिया है। 27 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में तीन बिल्डिंग हैं। करीब 10 हजार स्क्वायर फीट की एक बिल्डिंग ढही है। यहां 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। कुछ मजदूर खाना खा रहे थे, कुछ आराम कर रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। पीएम मोदी और सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। घटना पर दुख जाहिर किया है। घटना के 24 घंटे बाद भी बचाव कार्य जारी
कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद सोमवार सुबह से एक बार फिर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है, जबकि मौके पर कई विभागों की टीमें मुस्तैदी से डटी हुई हैं। घटनास्थल पर सुबह से 12 जेसीबी, 2 हाईड्रा और 4 डंपर लगाए गए हैं, जिनकी मदद से तेजी से मलबा हटाया जा रहा है। हटाया गया मलबा पास के कछार क्षेत्र में गिराया जा रहा है। एफआईआर दर्ज, पूर्व मंत्री हिरासत में इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत 7 लोगों को नामजद करते हुए कुल 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कोल्ड स्टोरेज के मालिक अंसार अहमद और उनके भतीजे उस्मान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। सपा ने मुआवजे का किया एलान
घटना को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
कछार में गिराए जा रहे मलबा, मची लूट
कछार क्षेत्र में मलबा गिराए जाने के साथ ही वहां लूट जैसी स्थिति बन गई है। बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में आलू डंप था, जिसे मलबे के साथ कछार में डाला जा रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और लोग मलबे से आलू निकालकर अपने घर ले जाने लगे। यही नहीं, मलबे में दबे सरिया और अन्य कीमती सामान पर भी लोग हाथ साफ करते नजर आए। कई लोग मलबे में घुसकर सामान बटोरते दिखे।

Leave a Reply