DniNews.Live

कोल्ड स्टोरेज कांड में जिला उद्यान अधिकारी सस्पेंड:मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने एक्शन लिया, बिल्डिंग गिरने से 4 मजदूरों की मौत हुई

प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज हादसा मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को सस्पेंड कर दिया है। बताया कि हादसे में प्रथम दृष्टया उनकी लापरवाही मिली है। प्रशासन अब अन्य लोगों पर भी एक्शन लेगा। इसको लेकर जांच की जा रही है। वहीं सपा ने हादसे पर दुख जताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा- पार्टी की ओर से मृतकों के परिवार को दो-दो लाख रुपए दिए जाएंगे। जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कोल्ड स्टोरेज की एक बिल्डिंग ढह गई। मलबे में करीब 20 से अधिक मजदूर दब गए। हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई थी। मरने वालों में पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश शामिल हैं। जगदीश प्रयागराज और बाकी तीनों बिहार के रहने वाले थे। अब तक 17 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। बिल्डिंग ढहने का वीडियो सामने आया है। प्रशासन 9 जेसीबी और पोकलेन मशीन से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर हैं। अफसरों का मानना है कि रेस्क्यू पूरी रात चलेगा। यह कोल्ड स्टोरेज सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद का है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है, पहले अमोनिया गैस स्टोरेज टैंक में विस्फोट हुआ। इससे आरसीसी पिलर स्ट्रक्चर ढह गया। फिर बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। रिसाव से अमोनिया गैस करीब 1 किलोमीटर तक फैल गई थी। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा है। हादसे की तस्वीरें देखिए- कोल्ड स्टोरेज 27 साल पुराना आदर्श कोल्ड स्टोरेज नाम से यह बिल्डिंग फाफामऊ इलाके में थी। इसके मालिक सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद हैं। हादसे के बाद से अंसार घर से लापता हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। उनके 2 भतीजे समेत 4 को हिरासत में लिया है। 27 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में तीन बिल्डिंग हैं। करीब 10 हजार स्क्वायर फीट की एक बिल्डिंग ढही है। यहां 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। कुछ मजदूर खाना खा रहे थे, कुछ आराम कर रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। पीएम मोदी और सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। घटना पर दुख जाहिर किया है। बचाव राहत कार्य तेज कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद सोमवार सुबह से एक बार फिर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है, जबकि मौके पर कई विभागों की टीमें मुस्तैदी से डटी हुई हैं। घटनास्थल पर सुबह से 12 जेसीबी, 2 हाईड्रा और 4 डंपर लगाए गए हैं, जिनकी मदद से तेजी से मलबा हटाया जा रहा है। हटाया गया मलबा पास के कछार क्षेत्र में गिराया जा रहा है। एफआईआर दर्ज, पूर्व मंत्री हिरासत में इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत 7 लोगों को नामजद करते हुए कुल 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कोल्ड स्टोरेज के मालिक अंसार अहमद और उनके भतीजे उस्मान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। सपा ने मुआवजे का किया एलान घटना को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। कछार में गिराए जा रहे मलबा, मची लूट कछार क्षेत्र में मलबा गिराए जाने के साथ ही वहां लूट जैसी स्थिति बन गई है। बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में आलू डंप था, जिसे मलबे के साथ कछार में डाला जा रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और लोग मलबे से आलू निकालकर अपने घर ले जाने लगे। यही नहीं, मलबे में दबे सरिया और अन्य कीमती सामान पर भी लोग हाथ साफ करते नजर आए। कई लोग मलबे में घुसकर सामान बटोरते दिखे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *