प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज हादसा मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को सस्पेंड कर दिया है। बताया कि हादसे में प्रथम दृष्टया उनकी लापरवाही मिली है। प्रशासन अब अन्य लोगों पर भी एक्शन लेगा। इसको लेकर जांच की जा रही है। वहीं सपा ने हादसे पर दुख जताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा- पार्टी की ओर से मृतकों के परिवार को दो-दो लाख रुपए दिए जाएंगे। जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कोल्ड स्टोरेज की एक बिल्डिंग ढह गई। मलबे में करीब 20 से अधिक मजदूर दब गए। हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई थी। मरने वालों में पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश शामिल हैं। जगदीश प्रयागराज और बाकी तीनों बिहार के रहने वाले थे। अब तक 17 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। बिल्डिंग ढहने का वीडियो सामने आया है। प्रशासन 9 जेसीबी और पोकलेन मशीन से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर हैं। अफसरों का मानना है कि रेस्क्यू पूरी रात चलेगा। यह कोल्ड स्टोरेज सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद का है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है, पहले अमोनिया गैस स्टोरेज टैंक में विस्फोट हुआ। इससे आरसीसी पिलर स्ट्रक्चर ढह गया। फिर बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। रिसाव से अमोनिया गैस करीब 1 किलोमीटर तक फैल गई थी। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा है। हादसे की तस्वीरें देखिए- कोल्ड स्टोरेज 27 साल पुराना आदर्श कोल्ड स्टोरेज नाम से यह बिल्डिंग फाफामऊ इलाके में थी। इसके मालिक सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद हैं। हादसे के बाद से अंसार घर से लापता हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। उनके 2 भतीजे समेत 4 को हिरासत में लिया है। 27 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में तीन बिल्डिंग हैं। करीब 10 हजार स्क्वायर फीट की एक बिल्डिंग ढही है। यहां 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। कुछ मजदूर खाना खा रहे थे, कुछ आराम कर रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। पीएम मोदी और सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। घटना पर दुख जाहिर किया है।

Leave a Reply