आगरा शहर के एक चर्चित कोचिंग संस्थान खजान आईएएस कोचिंग सेंटर के संचालक पर एक महिला शिक्षक ने उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर थाना न्यू आगरा में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि वह 24 सितंबर 2025 से 19 नवंबर 2025 तक खजान IAS कोचिंग सेंटर में शिक्षण सेवा दे रही थीं। इस दौरान कोचिंग संचालक खजान सिंह लगातार उनके साथ अभद्र व्यवहार करता रहा। महिला शिक्षक का आरोप है कि संचालक न केवल उनसे अनुचित तरीके से बात करता था, बल्कि कई बार गलत तरीके से छूने की कोशिश भी करता था। पीड़िता का कहना है कि लगातार हो रहे इस उत्पीड़न से मानसिक रूप से परेशान होकर उन्हें अंततः अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी। नौकरी छोड़ने के बाद जब उन्होंने अपना बकाया वेतन मांगा, तो संचालक कई दिनों तक उन्हें टालता रहा। 2 दिसंबर 2025 को संचालक ने बकाया भुगतान देने के बहाने उन्हें बुलाया और एक बार फिर उनके साथ अभद्रता की। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने खजान सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply