कसया। नगर के देवरिया मार्ग स्थित सीएचसी परिसर के बाहर मिले अचेत व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली है और मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 1 बजे एंबुलेंस के माध्यम से एक 48 वर्षीय व्यक्ति को सीएचसी कसया लाया गया था। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों के अनुसार, वह अत्यधिक नशे की हालत में था और अपना नाम स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। पूछताछ के दौरान वह कभी-कभी अपना नाम “मोहन” बता रहा था। उसके शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए। डॉक्टरों के मुताबिक, उपचार के दौरान रात में वह बाथरूम जाने के लिए उठा, लेकिन वहां से बाहर निकल गया। इसके बाद सुबह वह सीएचसी परिसर के बाहर सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने उसे दोबारा डॉक्टरों को दिखाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में पुलिस ने मृतक की पहचान मोहन मंडल, निवासी वार्ड नंबर तीन, ग्राम गंगवार बुजुर्ग रूनी सैदपुर, जिला सीतामढ़ी बिहार के रूप में की। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि रविवार रात किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह घायल हुआ था, जिसके बाद एंबुलेंस के जरिए उसे सीएचसी लाया गया था। कसया थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।

Leave a Reply