कुशीनगर में भाजपा स्थापना दिवस पर जिले भर में कार्यक्रम:ध्वज फहराया, संस्थापकों को श्रद्धांजलि, नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान
![]()
कुशीनगर में भाजपा स्थापना दिवस पर जिले भर में कार्यक्रम:ध्वज फहराया, संस्थापकों को श्रद्धांजलि, नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान
कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का स्थापना दिवस सोमवार को पूरे जनपद में उत्साहपूर्वक मनाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम आयोजित किए। मंडल कार्यालयों पर पार्टी का झंडा फहराया गया, जबकि पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अपने आवासों व प्रतिष्ठानों पर भी ध्वज फहराकर मिष्ठान वितरण किया। रविन्द्र नगर स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा सिंह, प्रेमचंद मिश्र, लल्लन मिश्र, विधायक मनीष जायसवाल, मोहन वर्मा, विवेकानंद पाण्डेय और विनय प्रकाश गोंड सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी का ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने संस्थापकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसी क्रम में भाजपा कार्यालय पर नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय और सांसद विजय कुमार दुबे सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा और अंगवस्त्र भेंट कर नए पदाधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद विजय कुमार दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी ने स्थापना काल से जो संकल्प लिए थे, केंद्र और राज्य सरकारों ने उन्हें सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और विभिन्न राष्ट्रीय निर्णयों का उल्लेख करते हुए देश व प्रदेश के विकास पर प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा के अनुरूप राष्ट्र सेवा और जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण के कारण ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन पाई है। इस अवसर पर पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राधेश्याम गोंड, रामेश्वर कुशवाहा, बंका सिंह, ब्लॉक प्रमुख अर्चना प्रदीप सिंह, रंजना पासवान सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
